बिलासपुर (ट्रैक सिटी)/ आयुर्वेद चिकित्सा के माध्यम से आमजन की निरंतर सेवा एवं आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए कोरबा के सुप्रसिद्ध आयुर्वेद चिकित्सक एवं श्री शिव औषधालय के संस्थापक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा को जमना फार्मास्यूटिकल्स भोपाल द्वारा सम्मानित किया गया।
यह सम्मान बिलासपुर स्थित द आनंदा इम्पीरियल होटल में आयोजित वितरक, वैद्य एवं चिकित्सक सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया। समारोह में जमना फार्मास्यूटिकल्स भोपाल के डायरेक्टर वैद्य सुषेण माहेश्वरी, मार्केटिंग मैनेजर राजेश गुप्ता, डिप्टी मार्केटिंग मैनेजर अनिल ढोके एवं एसएसओ नेत्र नंदन साहू ने पं. शिव कुमार शर्मा को शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धनवंतरी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर वैद्य सुषेण माहेश्वरी ने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य आयुर्वेद का प्रचार-प्रसार करना तथा आमजन तक गुणवत्तायुक्त शुद्ध औषधियां उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
स्थानीय वितरक श्रीराम मेडिकल एजेंसी बिलासपुर के संचालक नरेंद्र शर्मा ने आयुर्वेद के महत्व एवं उसके प्रचार-प्रसार में वितरकों और चिकित्सकों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
सम्मेलन में पं. शिव कुमार शर्मा के आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में किए गए सेवाकार्य, समर्पण और छत्तीसगढ़भर में आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार को विशेष रूप से सराहा गया।
कार्यक्रम में एएसएम संतोष स्वर्णकार, खेमन साहू, मनोज साहू, प्रेम नारायण चौबे, रमेश कुमार टांडी सहित प्रदेशभर के वितरक, चिकित्सक एवं वैद्य उपस्थित रहे। इसके अलावा 150 से अधिक प्रतिष्ठित वैद्य, चिकित्सक और वितरकों ने सम्मेलन में सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन डिप्टी मार्केटिंग मैनेजर अनिल ढोके ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन एसएसओ नेत्र नंदन साहू ने छत्तीसगढ़ी भाषा में किया। सम्मेलन का समापन “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” की सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ।

