कोरबा

इंजेक्शन लगाने के बाद बिगड़ी युवक की हालत, एक माह इलाज के बाद मौत परिजनों ने कथित झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया, सिविल लाइन थाने में की शिकायत

कोरबा(ट्रैक सिटी)। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम बैदरकोना में उपचार के दौरान एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान हर प्रसाद सोनवानी, पिता बैजनाथ सोनवानी, उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव में उपचार करने वाले एक कथित झोलाछाप डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने और उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

परिजनों के मुताबिक, हर प्रसाद की तबीयत खराब होने पर वह गांव में उपचार कराने पहुंचा था। वहां कथित डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में ले गए। करीब एक माह तक उसका उपचार चलता रहा, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

परिजनों का कहना है कि 5 अक्टूबर की सुबह उपचार के दौरान हर प्रसाद की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मृतक के भाई ने मामले को लेकर सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कथित डॉक्टर के उपचार की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।

मामले में परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मृतक की मौत का वास्तविक कारण चिकित्सकीय जांच और उपलब्ध उपचार संबंधी दस्तावेजों के परीक्षण के बाद स्पष्ट होने की संभावना है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button