कोरबा

कलेक्टर एवं एसपी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई आयोजित।

कटघोरा-अंबिकापुर एनएच घाट क्षेत्रों में क्रैश बैरियर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने कलेक्टर ने दिए निर्देश।

*राष्ट्रीय राजमार्ग के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों को दें सर्वाेच्च प्राथमिकता- कलेक्टर दुदावत*

*एसपी तिवारी ने ओवरस्पीड, नशे में वाहन चलाने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई हेतु किया निर्देशित*

कोरबा (ट्रैक सिटी)/कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक उपायों को क्रियान्वित करने निर्देशित किया गया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अन्य सड़को पर हुए सड़क हादसों के कारणों एवं संभावित परिस्थितियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सुरक्षा से जुड़े कार्यों में तत्परता के साथ कार्रवाई करने कहा।

सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री दुदावत ने कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट, तीव्र मोड़ों, घाट क्षेत्रों एवं अन्य दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएचएआई को घाट क्षेत्रों में पूरे हिस्से में क्रैश बैरियर लगाने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने निर्देशित किया। उन्होंने एनएच के चिन्हांकित स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, रोड शोल्डर, क्रैश बैरियर एवं स्पीडोमीटर स्थापित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए भी कहा। उन्होंने सड़क की संरचनात्मक सुरक्षा को मजबूत करने हेतु आवश्यक स्थानों पर रोड मार्किंग, कर्व वाले क्षेत्रों में कैटआई, क्षतिग्रस्त एवं निम्न स्तर के रोड शोल्डर की मरम्मत, रेडियमयुक्त चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप और डेलिनेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा।

कलेक्टर दुदावत ने यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कदम उठाने तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कहा। कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए पीएम राहत योजना के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर उपचार की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को जिले के सभी शासकीय एवं निजी अस्पतालों में घायलों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने कहा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत भवनों सहित प्रमुख स्थानों पर बैनर-पोस्टर के माध्यम से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने निर्देश दिए। उन्होंने राहवीर योजना के प्रति भी आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के लिए कहा, ताकि सड़क दुर्घटना के समय घायलों की तत्काल सहायता के लिए लोग आगे आ सकें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने ओवरस्पीड एवं शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई के साथ यातायात नियमों के उल्लंघन की रोकथाम के लिए नियमित अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट वाहन संचालित करने, नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने सहित ट्रैफिक नियमों का उल्लंघनों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कहा। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की स्थिति पर विशेष निगरानी रखते हुए जागरूकता एवं कार्रवाई का अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर श्री ईशांत जायसवाल, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, जिला परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको एवं विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button