कोरबा

जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी नागरिकों की समस्याएं

अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के दूरस्थ वनांचल एवं पहाड़ी क्षेत्रों सहित शहरी इलाकों से पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 93 आवेदन प्राप्त हुए। नागरिकों ने अवैध वनपट्टा की जांच, मानदेय एवं लंबित वेतन भुगतान, पीएम किसान सम्मान निधि, सुरक्षा बीमा राशि, शौचालय एवं बकरी शेड निर्माण के लिए सहायता, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, राहत राशि, बिजली बिल में सुधार, भूमि अधिग्रहण के बाद नौकरी एवं मुआवजा, नए राशन कार्ड, सड़क मरम्मत, सहायक उपकरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार एवं रिकॉर्ड दुरुस्ती से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। साथ ही लंबित मुआवजा प्रकरणों की जांच और पात्र लोगों को आजीविका के साधनों से जोड़ने से संबंधित मांगें भी नागरिकों ने रखीं। कलेक्टर दुदावत ने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि जनदर्शन नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा करते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button