बिलासपुर

जूनाबिलासपुर में निगम अमले पर मारपीट का आरोप, व्यापारी करेंगे चक्काजाम

दुकानों में घुसकर सामान उठाने और महिलाओं से धक्का-मुक्की का दावा, वीडियो वायरल; सिटी कोतवाली में शिकायत

बिलासपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। जूनाबिलासपुर में नगर निगम के अतिक्रमण निवारण अमले की कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने निगम कर्मचारियों पर दुकानों में घुसकर सामान उठाने, विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद व्यापारियों ने मंगलवार को मुख्य मार्ग पर चक्काजाम की चेतावनी दी है। मामले की शिकायत सिटी कोतवाली में की गई है।

व्यापारियों के मुताबिक, घटना सुबह करीब 11:30 बजे बजरंगबली मिष्ठान के सामने स्थित कन्हैया इलेक्ट्रीकल्स एंड साइकल्स में हुई। आरोप है कि काऊकैचर वाहन के साथ पहुंचे निगम अमले के कर्मचारी दुकान के अलावा बगल के विशाल ट्वायज एंड गिफ्ट सेंटर में भी घुस गए और सामान उठाकर वाहन में रखने लगे।

विरोध पर धक्का-मुक्की का आरोप

व्यापारियों का कहना है कि सामान उठाने का विरोध करने पर कर्मचारियों ने दुकानदारों के साथ धक्का-मुक्की, छीना-झपटी और हाथापाई की। महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप लगाया गया है। व्यापारियों ने घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाए हैं।

कार्रवाई की मांग, आंदोलन की चेतावनी

घटना से नाराज व्यापारी संघ के अध्यक्ष ने समर्थकों के साथ विरोध जताते हुए मंगलवार को जूनाबिलासपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम करने की चेतावनी दी है। व्यापारियों ने सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत देकर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल, आरोपों पर नगर निगम प्रशासन का पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस की जांच और निगम प्रशासन की प्रतिक्रिया के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button