बिलासपुर

झपकी आने से हाइवा ट्रेलर से टकराई, डिवाइडर पर चढ़ी गाड़ी

सेंदरी-तुर्काडीह पुल के पास देर रात हादसा, चालक बाल-बाल बचा

बिलासपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। सेंदरी-तुर्काडीह पुल के पास देर रात एक सड़क हादसे में हाइवा चालक बाल-बाल बच गया। बताया जा रहा है कि वाहन चलाते समय चालक को अचानक झपकी आ गई, जिसके चलते हाइवा अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर के बाद वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया।

जानकारी के अनुसार पाली निवासी मुरशिद आलम दीपका से बिलासपुर गाड़ी लेकर आए थे। बिलासपुर में वाहन खाली करने के बाद वे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब एक से दो बजे के बीच सेंदरी-तुर्काडीह पुल के पास उन्हें झपकी आ गई। इससे वाहन अनियंत्रित हो गया और ट्रेलर से जा भिड़ा। हादसे के बाद हाइवा डिवाइडर पर चढ़ गया।

टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे चालक की मदद की। हादसे में मुरशिद आलम को गंभीर चोट नहीं आई है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सीटी स्कैन समेत आवश्यक जांच की। फिलहाल किसी गंभीर चोट की जानकारी सामने नहीं आई है और एहतियात के तौर पर उनका उपचार जारी है।

मुरशिद आलम के भांजे शाहिद रजा ने बताया कि हादसा वाहन चलाते समय झपकी आने के कारण हुआ। उन्होंने बताया कि मुरशिद आलम की हालत फिलहाल ठीक है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना ने रात के समय लंबी दूरी तक वाहन चलाने वाले चालकों की सुरक्षा और नींद पूरी किए बिना वाहन चलाने के जोखिम को भी सामने ला दिया है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button