कोरबा

टूटी स्लैबों पर कब खुलेगी निगम के जिम्मेदार अधिकारियों की आंख?

कोरबा (ट्रैक सिटी)। नगर पालिका निगम कोरबा द्वारा बुधवारी बाजार क्षेत्र को बेहतर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जा रहे हैं। बाजार क्षेत्र में प्लास्टिक फ्री जोन का ग्लो साइन बोर्ड लगाया गया है, वहीं बुधवारी बाजार के सामने डिवाइडर निर्माण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। हालांकि, इन विकास कार्यों के बीच बाजार तक पहुंचने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी और संभावित हादसे का कारण बनी हुई है।
बुधवारी बाजार जाने वाले मार्ग पर नाली के ऊपर लगी कई स्लैब टूट चुकी हैं और कुछ स्लैब नाली में धंस गई हैं। इसके चलते पैदल चलने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बाजार में खरीदारी करने आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए यह रास्ता जोखिम भरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निगम द्वारा बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए नए-नए कार्य तो कराए जा रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर पहले से मौजूद बुनियादी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। लोगों का सवाल है कि जब बाजार क्षेत्र में सौंदर्यीकरण और अन्य कार्यों के लिए निगम सक्रिय है, तो टूट चुकी स्लैब को बदलने और नालियों को सुरक्षित करने की दिशा में तत्काल पहल क्यों नहीं की जा रही है?
बड़े हादसे का इंतजार तो नहीं?
टूटी और धंसी हुई स्लैब के कारण कभी भी कोई व्यक्ति नाली में गिरकर घायल हो सकता है। बाजार में रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, ऐसे में यह स्थिति गंभीर चिंता का विषय है। स्थानीय नागरिकों ने निगम के जिम्मेदार अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त स्लैब को तत्काल बदलने और मार्ग को सुरक्षित करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि विकास कार्य केवल बाहरी सुंदरता तक सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा भी निगम की प्राथमिकता होनी चाहिए। अब देखना होगा कि निगम के जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से लेते हैं या फिर किसी अनहोनी घटना के बाद ही उनकी नींद खुलेगी।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button