कुसमुंडा के बबली होटल में आबकारी विभाग की कार्रवाई, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में कुसमुंडा क्षेत्र स्थित बबली होटल एवं ढाबा में छापेमारी कर विभाग की टीम ने 7.2 लीटर देशी प्लेन मदिरा जब्त की है। मौके से शराब बरामद होने पर ढाबा संचालक पदुमदास के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी के जनदर्शन में अवैध शराब के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत पर कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में आबकारी विभाग ने कुसमुंडा क्षेत्र में जांच और कार्रवाई की। इस दौरान बबली होटल/ढाबा के संचालक पदुमदास के कब्जे से 7.2 लीटर देशी प्लेन मदिरा यानी कुल 40 पाव शराब बरामद की गई। विभाग ने शराब जब्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(1)(ख), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया।
यह कार्रवाई 26 नवंबर को सहायक आयुक्त आबकारी रविशंकर यादव के मार्गदर्शन, सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोज कुमार राठौर के निर्देश तथा वृत्त प्रभारी श्रीमती जया मेहर के नेतृत्व में की गई।
नवंबर में 134 प्रकरण दर्ज, 21 आरोपी जेल भेजे गए
आबकारी विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, जिले में नवंबर माह के दौरान अब तक अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए गए अभियान में बड़ी मात्रा में शराब और महुआ लाहन जब्त किया गया है। विभाग ने अब तक 37.70 लीटर देशी मदिरा, 4.72 लीटर विदेशी मदिरा, 310.90 लीटर महुआ मदिरा तथा 755 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है। जब्त की गई सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1 लाख 19 हजार 748 रुपये बताया गया है।
इस अवधि में आबकारी विभाग द्वारा कुल 134 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वहीं, गैरजमानती अपराधों में संलिप्त 21 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
अवैध शराब के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई
सहायक आयुक्त आबकारी रविशंकर यादव ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। प्राप्त शिकायतों के आधार पर नियमित रूप से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सभी आबकारी उपनिरीक्षकों को अपने-अपने वृत्त क्षेत्रों में अवैध मदिरा का विक्रय करने तथा लोगों को अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के विरुद्ध सतत निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
