धमतरी

धमतरी में 10 लाख के 146 हीरों के साथ तस्कर गिरफ्तार, पायलीखंड खदान से चोरी कर बेचने की फिराक में था आरोपी।

धमतरी(ट्रैक सिटी)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने हीरा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 146 नग बहुमूल्य हीरे जैसे पत्थरों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त पत्थरों का शुद्ध वजन 13.49 ग्राम है, जिनकी अनुमानित कीमत 10 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी ने पूछताछ में वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से इन पत्थरों को चोरी करने और अब उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की बात स्वीकार की है। धमतरी साइबर थाना और बिरेझर पुलिस की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे-30 पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। पुलिस ने हीरे जैसे पत्थरों, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 10 लाख 15 हजार 200 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, SP भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन, चोरी और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 अक्टूबर 2026 को अपराधों की पतासाजी और पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नेशनल हाईवे-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति बहुमूल्य हीरे लेकर उन्हें बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है।

सूचना मिलते ही बिरेझर चौकी और साइबर थाना धमतरी की संयुक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम विनोद अग्रवाल (64 वर्ष), पिता बंशीलाल अग्रवाल, निवासी के.के. वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा बताया।

पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से पॉलीथीन में नीले और फिरोजी रंग की झिल्ली में लिपटे 146 नग सफेद, चमकदार और पारदर्शी बहुमूल्य पत्थर बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, ये पत्थर हीरे जैसे हैं और इनकी अनुमानित कीमत लाखों रुपये है।

2018 में पायलीखंड खदान से चोरी करने की बात कबूली

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी विनोद अग्रवाल ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि उसने वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से उक्त बहुमूल्य पत्थरों की चोरी की थी। इसके बाद से पत्थर उसके कब्जे में थे। अब वह इन्हें बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था, लेकिन सौदा होने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

13.49 ग्राम शुद्ध वजन, 10.15 लाख की कुल जब्ती

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 146 नग बहुमूल्य पत्थर जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 16.17 ग्राम और शुद्ध वजन 13.49 ग्राम बताया गया है। पत्थरों की अनुमानित कीमत 10 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी से सैमसंग Galaxy S21 FE 5G मोबाइल फोन, दो सक्रिय सिम सहित, जिसकी कीमत 8 हजार रुपये है, और 2 हजार 200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इस तरह पुलिस ने कुल 10 लाख 15 हजार 200 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

खनिज अधिनियम और बीएनएस के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी विनोद अग्रवाल के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 21(4) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को 19 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा उसे न्यायालय कुरूद में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध खनिज उत्खनन, चोरी, तस्करी या संदिग्ध खरीद-फरोख्त की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान नियमानुसार गोपनीय रखी जाएगी।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button