कोरबा

निगम क्षेत्र के सभी 17 खेल जोन में आज भी खेले गए राज्य के पारंपरिक खेल

महापौर ने लाल मैदान दर्री, डॉ.अंबेडकर स्टेडियम बालको व परसाभांठा स्कूल स्थित खेल स्थलों पर पहुंचकर कराया खेलों का शुभारंभ

कोरबा   – छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के तहत नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में आयोजित की जा रही जोन स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत आज दूसरे दिन भी निगम के सभी 17 खेल जोन में छत्तीसगढ़ राज्य के पारंपरिक खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित हुई तथा विभिन्न खेल खेले गए। महापौर राजकिशोर प्रसाद ने दर्री के वार्ड क्र. 44 स्थित लाल मैदान, डॉ.अंबेडकर स्टेडियम बालको तथा परसाभांठा स्कूल    स्थित खेल स्थलों पर पहुंचकर खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ कराया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य के पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने, उनका संरक्षण एवं संवर्धन करने, इन खेलों के प्रति लोगों में रूचि बढ़ाने के मद्देनजर  छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन प्रदेश के नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में किया जा रहा है। नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में भी कलेक्टर संजीव कुमार झा के मार्गदर्शन एवं आयुक्त प्रभाकर पाण्डेय के दिशा निर्देशन व राजीव युवा मितान क्लब के आयोजकत्व में सम्पन्न हुए क्लब स्तरीय खेल आयोजनों के पश्चात दूसरे चरण में 15 अक्टूबर से जोन स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रारंभ किया गया है। आज दूसरे दिन भी निगम के सभी 17 खेल जोन में पारंपरिक खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। महापौर  राजकिशोर प्रसाद ने दर्री के वार्ड क्र. 44 स्थित लाल मैदान, डॉ.अंबेडकर स्टेडियम बालको तथा परसाभांठा स्कूल स्थित खेल स्थलों पर पहुंचकर खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ कराया। पारंपरिक खेलों का आनंद उठाया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर महापौर श्री प्रसाद ने पारंपरिक खेल गिल्ली डंडा के खेल में भी अपना हाथ आजमाया। इस अवसर पर महापौर राजकिशोर प्रसाद ने विभिन्न पारंपरिक खेल विधाओं के खिलाड़ियों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे टीम भावना के साथ खेल खेले तथा अपना उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन  करते हुए इन खेलों को आगे बढ़ाएं। उन्होने कहा कि खेलों में हार-जीत मायने नहीं रखती, खेल खिलाड़ी भावना के साथ खेला जाना चाहिए। इस मौके पर एम.आई.सी.सदस्य सुनील पटेल, पालूराम साहू, कृपाराम साहू, एल्डरमेन आशीष अग्रवाल, पूर्व पार्षद वीरसाय धनुवार, देवीदयाल सोनी, राजेन्द्र ठाकुर, राजेन्द्र तिवारी, राकेज पंकज, अजीत वर्मन, मनोज वर्मन, बसीम अकरम, ललिता देवी, राजू वर्मन, मनीष ओगरे, मुकेश वर्मा, विवेक श्रीवास, भुनेश्वर दुबे सहित नगर निगम केारबा के अधिकारी कर्मचारीगण, राजीव युवा मितान क्लब के   पदाधिकारी व सदस्यगण सहित काफी संख्या मे नागरिकगण व विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ीगण   उपस्थित थे।
17 जोन में खेले जा रहे पारंपरिक खेल – नगर निगम कोरबा क्षेत्र में 04 वार्ड व इन वार्डो के 08 क्लब सम्मिलित करते हुए 01 जोन बनाया गया है, इस प्रकार निगम क्षेत्र में कुल 17 जोन में एक साथ राज्य के पारंपरिक खेलो की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही है। राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर खेली गई खेल प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागी इन जोन स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी खेल प्रतिभाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। 14 पारंपरिक खेल विधाएं गिल्ली डंडा, पिट्ठूल, संखली, लंगडी दौड़, कब्बडी, खो-खो, रस्सा कसी, बांटी (कंचा), बिल्लस, फुगड़ी , गेड़ी दौड़, भवरा, 100 मीटर दौड़, लंबी कूद शामिल की गई है।
आयोजन में मिल रहा सभी का सहयोग – कलेक्टर  संजीव कुमार झा के कुशल मार्गदर्शन एवं आयुक्त प्रभाकर पाण्डेय के दिशा निर्देशन में नगर निगम केारबा क्षेत्र में आयोजित की जा रही इन जोन स्तरीय प्रतियोगिताओं के खेल आयोजनों में निगम के सभापति श्यामसुंदर सोनी, मेयर इन काउंसिल सदस्यों, पार्षदों, एल्डरमेनगणों के साथ-साथ आमनागरिकों का पूरा सहयोग मिल रहा है। नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी राजीव युवा मितान क्लब के साथ समन्वय स्थापित कर इन खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन पूरी निष्ठा के साथ सम्पन्न करा रहे हैं।

Editor in chief | Website | + posts
Back to top button
error: Content is protected !!