कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा जिले के ग्राम करतला चौक के समीप 17 जुलाई मंगलवार को स्विफ्ट कार क्रमांक JH 01 DG 2216 का चालक वाहन चलाते हुए कार पर अपना नियंत्रण खोकर पल्सर मोटरसाइकिल CG12 AN 8267 में सवार सूरज दास महंत व सहवाग पुलस्त को टक्कर मारते हुए एक घर में जा घुसा। सड़क के किनारे खड़े लोग भी बाल-बाल बच गए। लेकिन बाइक सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। 112 की टीम को इस हादसे की जानकारी दी गई जिसके बाद घायलों को जिला अस्पताल लाया गया है। उधर कार चालक मौके का फायदा उठाकर भाग निकला। उपस्थित ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर चक्का जाम करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर करतला पुलिस ने पहुंचकर लोगों को समझाइश दिया और मार्ग अवरुद्ध नहीं होने दिया। आक्रोशित भीड़ ने घटनास्थल पर स्टॉपर और ब्रेकर लगाए जाने की मांग शासन प्रशासन से की। करतला थाना प्रभारी ललन पटेल कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।

