कोरबा

बाथरूम में धुल रहे होटल के बर्तन,VIDEO वायरल होने के बाद खाद्य विभाग ने दिए जांच के निर्देश।

कोरबा(ट्रैक सिटी)। शहर के निहारिका क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध न्यू दिल्ली स्वीट्स में बाथरूम के फर्श पर मिठाई और पकवान बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन धोने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वीडियो एक ग्राहक द्वारा बनाया गया बताया जा रहा है। इसमें दुकान के कर्मचारी बाथरूम के अंदर फर्श पर बर्तन धोते हुए नजर आ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद लोगों ने खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है। वहीं, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।

बताया जा रहा है कि न्यू दिल्ली स्वीट्स में पहुंचे एक ग्राहक की नजर बाथरूम के फर्श पर बर्तन धो रहे कर्मचारियों पर पड़ी। ग्राहक ने तत्काल इसका वीडियो बना लिया और कर्मचारियों से बाथरूम में बर्तन धोने को लेकर सवाल किया। इस पर कर्मचारियों ने कथित तौर पर बताया कि कुछ तकनीकी परेशानी के कारण आपात स्थिति में बर्तन वहां धुलवाए जा रहे थे। हालांकि, खाद्य पदार्थों के निर्माण और परोसने में उपयोग होने वाले बर्तनों को बाथरूम जैसी जगह पर धोने की व्यवस्था को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं।

वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने शहर की अन्य मिठाई दुकानों, होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों में भी स्वच्छता मानकों की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, क्योंकि लापरवाही से ग्राहकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर प्रतिष्ठान संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा। इसके साथ ही मौके पर टीम भेजकर जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान वीडियो में दिखाई गई स्थिति सही पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य प्रतिष्ठानों के लिए स्वच्छता मानकों का पालन करना अनिवार्य है और बाथरूम जैसी जगह पर खाद्य सामग्री में उपयोग होने वाले बर्तन धोना निर्धारित स्वच्छता व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।

गौरतलब है कि इससे पहले सक्ती जिले में भी इसी तरह का मामला सामने आया था। वहां पापा ढाबे के जेंट्स टॉयलेट के अंदर बर्तन धोने का वीडियो वायरल हुआ था। शिकायत के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच की थी। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद ढाबे का खाद्य लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया था। ऐसे में अब कोरबा के न्यू दिल्ली स्वीट्स के वायरल वीडियो को लेकर खाद्य विभाग की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर लोगों की नजर है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button