कोरबा

कोरबा के पांच प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बनेंगे भव्य स्वागत द्वार

200 से अधिक डिजाइन मिले, नागरिकों और आर्किटेक्टों ने भेजे आकर्षक प्रस्ताव; चयन के बाद शुरू होगा निर्माण

कोरबा (ट्रैक सिटी)। शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्ग अब आकर्षक स्वागत द्वारों से सुसज्जित होंगे। नगर निगम ने कोरबा के पांच प्रमुख प्रवेश मार्गों पर स्वागत द्वार बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। महापौर के निर्देश पर इस योजना को लेकर नगर निगम की एमआईसी में भी चर्चा की गई है। स्वागत द्वारों को शहर की पहचान और अलग-अलग थीम के अनुरूप तैयार करने की योजना है।

स्वागत द्वारों के डिजाइन को लेकर नगर निगम ने शहर के नागरिकों, स्थानीय आर्किटेक्टों और साहित्यकार से सुझाव और डिजाइन आमंत्रित किए थे। इसके लिए बड़ी संख्या में लोगों ने रुचि दिखाई। नगर निगम को 200 से अधिक डिजाइन प्राप्त हुए हैं। इनमें कई आकर्षक और रचनात्मक डिजाइन शामिल हैं।
आर्किटेक्ट पैनल करेगा डिजाइनों की समीक्षा
प्राप्त सभी डिजाइनों में से पांच बेहतर डिजाइन का चयन किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम के आर्किटेक्ट पैनल के साथ एमआईसी सदस्यों और महापौर की ओर से चर्चा की जाएगी। चयन के दौरान स्वागत द्वार की डिजाइन, शहर की पहचान, संबंधित स्थल और प्रस्तावित थीम सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा।

पांच अलग-अलग प्रवेश मार्गों के लिए अलग-अलग थीम पर स्वागत द्वार तैयार करने की योजना है। डिजाइन चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। नगर निगम की ओर से इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

इन मार्गों पर होंगे स्वागत द्वार
शहर में बाहर से आने वाले प्रमुख मार्गों को इसके लिए चिन्हित किया गया है। इनमें सर्वमंगला चौक,गौ-माता चौक, बालको, रिस्दी और गोपालपुर की ओर से आने वाले प्रमुख प्रवेश मार्ग शामिल हैं। इन स्थानों पर बनने वाले स्वागत द्वार शहर में प्रवेश करने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे।

नगर निगम का मानना है कि कोरबा में आने वाले लोगों को शहर की पहचान और स्वरूप से परिचित कराने में ये प्रवेश द्वार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों को व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप देने में भी मदद मिलेगी।

नागरिकों की भागीदारी से तैयार होगी शहर की पहचान
इस पूरी प्रक्रिया की खास बात यह है कि स्वागत द्वारों के डिजाइन के लिए शहर के नागरिकों और स्थानीय आर्किटेक्टों को भी जोड़ा गया है। नगर निगम की ओर से डिजाइन आमंत्रित किए जाने के बाद 200 से अधिक प्रविष्टियां मिलना इस योजना में नागरिकों की रुचि को दर्शाता है।

आशुतोष पाण्डेय, आयुक्त नगर पालिक निगम कोरबा

अब इन प्रस्तावों में से पांच डिजाइन चयनित किए जाएंगे। चयन के बाद संबंधित स्थानों पर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। नगर निगम की योजना है कि स्वागत द्वार केवल प्रवेश द्वार के रूप में ही नहीं, बल्कि कोरबा की पहचान और शहर के सौंदर्यीकरण के हिस्से के रूप में विकसित किए जाएं।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button