बिलासपुर

बिलासपुर के सरकंडा स्थित अटल आवास में भीषण आग

मुक्तिधाम के पास आवास के ग्राउंड फ्लोर में लगी आग, ई-बाइक चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट की आशंका; कई बाइक जलकर खाक

बिलासपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। न्यायधानी बिलासपुर में रविवार देर रात सरकंडा थाना क्षेत्र में मुक्तिधाम के पास स्थित अटल आवास में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। अटल आवास के ग्राउंड फ्लोर में लगी आग देखते ही देखते विकराल हो गई। धुआं फैलने से आवास में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग घरों में मौजूद थे। जान बचाने के लिए कुछ लोगों ने पहली और दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जबकि स्थानीय रहवासियों ने रस्सी और कपड़ों की मदद से फंसे लोगों को बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, आग लगने के बाद आवास परिसर में धुआं भर गया, जिससे कई लोग भीतर ही फंस गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। रहवासियों की मदद से 75 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। हालांकि, किसी की मौत की खबर सामने नहीं आई है।

ई-बाइक चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अटल आवास के ग्राउंड फ्लोर में ई-बाइक चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

चार से पांच बाइक जलकर खाक

आग की चपेट में आने से आवास के बाहर खड़ी चार से पांच मोटरसाइकिलें जलकर खाक हो गईं। आग और धुएं के कारण लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान स्थानीय रहवासियों ने साहस और तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई।

पुलिस और दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। ई-बाइक चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट की आशंका सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button