बिलासपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। बिलासपुर के रतनपुर नगर के मेला भाटा सब्जी मंडी के पास रात करीब 11 से 12 बजे के बीच अचानक आग लगने से तीन दुकानें आग की चपेट में आ गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार भेड़ीमुड़ा निवासी दुर्गा कश्यप मेला भाटा सब्जी मंडी के पास पान दुकान एवं डेली नीड्स की दुकान संचालित कर अपने परिवार का जीवन-यापन करते थे। रोज की तरह रात में दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। इसी दौरान देर रात दुकान में अचानक आग लग गई। राहगीरों ने दुकान से आग की लपटें उठती देख तत्काल रतनपुर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को आग की सूचना दी। बताया गया कि रतनपुर का दमकल वाहन खराब होने के कारण बिलासपुर से दमकल वाहन बुलाना पड़ा। बिलासपुर से दमकल पहुंचने तक आग ने दुकान में रखे पान सामग्री, डेली नीड्स के सामान सहित अन्य सामग्री को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था।आग इतनी तेजी से फैली कि पीछे स्थित दो अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोका।आगजनी की इस घटना में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। आग किन कारणों से लगी, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। रतनपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

