कोरबा

राष्ट्रीय स्वास्थ्य सूचकांक में कोरबा प्रदेश में अव्वल,स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन और सतत मॉनिटरिंग का मिला परिणाम।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ जिले ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के विभिन्न सूचकांकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यह उपलब्धि हासिल की है। स्वास्थ्य विभाग ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने बताया कि राज्य शासन द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की निगरानी के लिए मुख्यमंत्री अटल मॉनिटरिंग पोर्टल में प्रमुख स्वास्थ्य सूचकांकों को शामिल किया गया है। वहीं, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए आउटपुट इंडिकेटर्स तैयार किए गए हैं। इन दोनों महत्वपूर्ण मापदंडों के आधार पर जिलों का हेल्थ स्कोर कार्ड तैयार किया गया।

उन्होंने बताया कि 50 अंकों के स्कोर कार्ड के आधार पर जिलों को चार श्रेणियों में विभाजित किया गया है। इसमें ग्रीन कैटेगरी (अचीवर्स) में 9 जिले, ऑरेंज कैटेगरी (परफॉर्मर्स) में 8 जिले, यलो कैटेगरी (एस्पिरेंट्स) में 8 जिले तथा रेड कैटेगरी (स्लो मूवर्स) में 9 जिलों को शामिल किया गया। ग्रीन कैटेगरी में कोरबा जिले ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी), राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनवीबीडीसीपी), राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, कैंसर, मधुमेह, हृदय रोग एवं स्ट्रोक नियंत्रण कार्यक्रम, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सिकल सेल नियंत्रण कार्यक्रम तथा डायलिसिस सेवाओं में उल्लेखनीय कार्य किया गया। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए गए। विभाग द्वारा नियमित समीक्षा, जनजागरूकता अभियान और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से आमजन को लाभ पहुंचाया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

डॉ. केशरी ने कहा कि इस उपलब्धि में कार्यक्रम नोडल अधिकारियों, खंड चिकित्सा अधिकारियों, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, सेक्टर चिकित्सा अधिकारियों, शहरी कार्यक्रम प्रबंधकों, कार्यक्रम सलाहकारों, लेखा प्रबंधक, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधकों, सुपरवाइजर्स, सीएचओ, आरएचओ, पैरामेडिकल स्टाफ, पीएडीए कर्मियों और मितानिनों सहित सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केशरी ने जिले के सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button