कोरबा(ट्रैक सिटी)। वर्ल्ड पाइल्स डे (विश्व अर्श दिवस) के अवसर पर 20 नवंबर 2026 को कोरबा में निःशुल्क आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा। स्वस्थ भारत समृद्ध भारत अभियान के अंतर्गत ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत आयोजित इस शिविर में हीमोग्लोबिन, रक्तचाप और रक्त शर्करा की जांच निःशुल्क की जाएगी। इसके साथ ही अर्श (बवासीर), भगंदर, कब्ज, अम्लपित्त और विभिन्न उदर रोगों से संबंधित मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श दिया जाएगा।
इस विशेष शिविर का आयोजन लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। शिविर 20 नवंबर, शुक्रवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक पतंजलि चिकित्सालय, शिव औषधालय, दुकान क्रमांक 10 एवं 11, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में आयोजित होगा।
शिविर में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित चिकित्सक एवं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में महिला, पुरुष और बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर रोगों के नियंत्रण एवं उपचार के संबंध में व्यक्तिगत परामर्श दिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, अर्श, भगंदर, कब्ज, अम्लपित्त एवं उदर संबंधी समस्याओं से पीड़ित लोगों को लाभकारी अर्श हर क्वाथ निःशुल्क पिलाया जाएगा। इसके अलावा मरीजों को उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के अनुसार योगाभ्यास और प्राणायाम का प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
शिविर में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य के लिए उचित जीवनशैली, दिनचर्या, ऋतुचर्या और खान-पान संबंधी परामर्श भी व्यक्तिगत रूप से प्रदान किया जाएगा।
लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अंचलवासियों से इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। शिविर में पंजीयन एवं अन्य जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क कर जांच के लिए निर्धारित समय प्राप्त किया जा सकता है। इससे शिविर में पहुंचने वाले लोगों को अनावश्यक असुविधा से बचाया जा सकेगा।
