कोरबा (ट्रैक सिटी)। आज दिनांक 27 मई 2026 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी संघर्ष कुमार मिश्र के नेतृत्व में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा शहर के पुराना बस स्टैंड, पॉवर हाउस रोड एवं बुधवारी बाजार क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान फल विक्रेताओं की दुकानों में रखे फलों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान राजा नारियल पानी एवं फ्रूट सेंटर, राजेश फ्रूट सेंटर, सर्वमंगला फ्रूट सेंटर, माँ शारदा फ्रूट सेंटर, चौरसिया फ्रूट सेंटर सहित कुल 11 दुकानों का गहन निरीक्षण किया गया। जांच में 15 किलो आम, 4 दर्जन केला, 2 किलो अनार एवं 7 किलो खरबूजा खराब अवस्था में पाए गए, जिन्हें बिक्री के लिए रखा गया था। विभागीय टीम ने तत्काल सभी खराब फलों को जब्त कर नष्ट करवाया।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त दीपक अग्रवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की जा रही है, जो 28 एवं 29 मई 2026 तक जारी रहेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
जांच के दौरान टीम ने कृत्रिम मिठास (सैकरीन) के उपयोग तथा कार्बाइड से फल पकाने जैसी अवैध गतिविधियों की भी पड़ताल की। साथ ही जिन फल विक्रेताओं के पास फूड लाइसेंस नहीं पाया गया, उन्हें तत्काल लाइसेंस बनवाने के निर्देश देते हुए भविष्य में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
Leave a Reply

