सारंगढ़ -बिलाईगढ़

सरिया पुलिस ने 103 शीशी कोरेक्स सिरप के साथ तीन तस्करों को दबोचा, बाइक, कार व मोबाइल जब्त

सारंगढ़-बिलाईगढ़(ट्रैक सिटी)। अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 103 शीशी प्रतिबंधित कोडीन युक्त कोरेक्स सिरप की तस्करी करते तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कोरेक्स सिरप के अलावा एक मोटरसाइकिल, एक कार और दो मोबाइल फोन सहित कुल ₹5,73,072 मूल्य का सामान जब्त किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय एवं एसडीओपी संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 24 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (ओडी-17 एफ-6421) से ओडिशा के सोहेला क्षेत्र से प्रतिबंधित कोरेक्स सिरप लेकर ग्राम देवगांव के रास्ते कंटगपाली निवासी नरेश साहू को सप्लाई करने आ रहे हैं।

सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देवगांव स्थित एफसीआई गोदाम के पास घेराबंदी कर वाहन की जांच की। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे, जिन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान राजकुमार साहू (35) निवासी खैरा थाना ढोगरीपाली तथा गणेश पटेल (24) निवासी बार थाना सरिया के रूप में बताई।

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में रखी प्लास्टिक बोरी से 103 शीशी कोडीन फॉस्फेट एवं ट्राइप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड युक्त कोरेक्स सिरप बरामद हुआ, जिसकी कीमत ₹23,072 आंकी गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह खेप कंटगपाली निवासी नरेश साहू के कहने पर खरीदी गई थी। पुलिस ने नरेश साहू को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कोरेक्स सिरप के अलावा घटना में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, एक सफेद रंग की अर्टिगा कार (सीजी-13 एएस-2064) तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹5,73,072 बताई गई है।

इस मामले में थाना सरिया में अपराध क्रमांक 157/2026 के तहत धारा 21(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, उप निरीक्षक सुमन कुमार चौहान, साइबर सेल के उप निरीक्षक रामकुमार मानिकपुरी सहित थाना एवं साइबर सेल के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button