कोरबा (ट्रैक सिटी) साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस लगातार लोगों को जागरूक कर रही है। इसी कड़ी में कोरबा पुलिस द्वारा नेहरू सभागार में ‘साइबर चौपाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कोरबा पुलिस की ओर से आयोजित साइबर चौपाल में लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके बताए गए।कोरबा पुलिस के मुताबिक जिले में अब तक 3500 से अधिक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं और एक लाख से ज्यादा लोगों को जागरूक किया गया है।
कार्यक्रम में मंत्री लखन लाल देवांगन ने लोगों से साइबर अपराधों को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक दौर में तकनीक के साथ साइबर ठगी के तरीके भी बढ़े हैं। किसी अनजान व्यक्ति के फोन करने पर OTP, बैंक डिटेल, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने अपने एक कर्मचारी के साथ हुई साइबर ठगी का उदाहरण देते हुए बताया कि अज्ञात व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद कर्मचारी की करीब एक महीने की पूरी तनख्वाह ठग ली गई।
मंत्री ने फर्जी कंपनियों और निवेश के नाम पर होने वाली ठगी से भी सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी कंपनी या योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जानकारी और विश्वसनीयता की जांच करना जरूरी है।
साइबर चौपाल के माध्यम से पुलिस ने लोगों से अपील की कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP किसी से साझा न करें और बैंकिंग संबंधी जानकारी फोन पर किसी को न दें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करने की अपील भी की गई।
