कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिला स्काउट एवं गाइड द्वारा सीपेट परिसर, दर्री में आयोजित ग्रैंड कैंप फायर में नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नूतन सिंह ठाकुर शामिल हुए। उन्होंने स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया।

जिला स्तरीय शिविर में बड़ी संख्या में स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स एवं कब-बुलबुल ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 1008 आशीर्वाद के दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता की गई। दीपों के माध्यम से सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथि नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि स्काउट-गाइड जैसी गतिविधियां बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि केवल किताबी शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को प्रकृति, समाज और विपरीत परिस्थितियों में दूसरों की मदद करने की सीख भी मिलनी चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं, आपदा या संकट के समय लोगों की सहायता के लिए तैयार रहें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि आज जलाए गए 1008 दीप केवल एक आयोजन का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि सेवा और सामाजिक दायित्व की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश भी देते हैं।
ठाकुर ने स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर बच्चों के व्यक्तित्व विकास के साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को अनुशासन, सेवा और राष्ट्रहित की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्काउट एवं गाइड के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

