कोरबा(ट्रैक सिटी)। जिले के पसान थाना क्षेत्र के ग्राम लोकड़हा में महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। डॉग स्क्वॉड के प्रशिक्षित डॉग ‘बाघा’ ने घटनास्थल से मिले सुराग के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपी सहस राम मिंज (38), निवासी लोकड़हा उरांवपारा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को ग्राम लोकड़हा में सुखमनिया एक्का की हत्या की सूचना मिलने पर पसान थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच में डॉग स्क्वॉड, फोरेंसिक और साइबर टीम को लगाया गया। पुलिस ने मृतका की पहचान के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया। घटनास्थल से रक्तरंजित पत्थर बरामद कर हत्या के कारण और आरोपी की तलाश शुरू की गई।
घटनास्थल वनांचल क्षेत्र में होने के कारण आसपास पहाड़ी और दुर्गम रास्ते हैं तथा तकनीकी एवं संचार सुविधाएं भी सीमित हैं। जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड के ‘बाघा’ को घटनास्थल से सुराग मिला। वह करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित एक मकान तक पहुंचा। पुलिस ने मकान में रहने वाले सहस राम को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभ में उसने घटना में शामिल होने से इनकार किया, लेकिन पुलिस की पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका शराब का सेवन करती थी और उसकी पत्नी तथा छोटे भाई की पत्नी को भी शराब पिलाती थी। आरोपी ने कई बार सुखमनिया को अपने घर की महिलाओं के साथ शराब नहीं पीने के लिए समझाया था। 22 सितंबर की शाम सहस राम बकरी चराकर घर लौटा तो उसकी पत्नी, छोटे भाई की पत्नी और सुखमनिया एक्का को शराब के नशे में पाया। उसने सुखमनिया को डांटकर घर से बाहर निकाल दिया।
पुलिस के अनुसार, घर से निकलने के बाद सुखमनिया अपने चाचा के घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसका पीछा किया और मुड़हीकुवां खेत के पास सुनसान स्थान पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पसान थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर और कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

