दुर्ग

1.20 लाख की नशीली टेबलेट जब्त 300 प्रतिबंधित गोलियों के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार।

दुर्ग (ट्रैक सिटी)/ जिले की मोहन नगर थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आर्य नगर से हिस्ट्रीशीटर आरोपी को 1.20 लाख रुपए की 300 प्रतिबंधित नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है।

आरोपी की पहचान शंकर नगर दुर्ग निवासी प्रांजल यादव (25) के रूप में हुई है। पुलिस को 16 अप्रैल की सुबह करीब 9:25 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि आर्य नगर स्थित पुरानी टंकी के पास एक युवक अवैध रूप से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेच रहा था।

सूचना के आधार पर पुलिस ने रेड मारी। पुलिस टीम ने वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए सिद्धार्थ बांधे और लक्की बंसोड़ नामक दो स्वतंत्र गवाहों को कार्रवाई में शामिल किया। पंचनामा तैयार कर टीम शासकीय वाहन से मौके पर पहुंची। आर्य नगर पुरानी टंकी के पास पहुंचते ही संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन भागते समय वह नाली में गिर गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रांजल यादव बताया।

तलाशी के दौरान उसके पास से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट ‘आरलाम 0.5’ की कुल 300 गोलियां बरामद हुईं। ये गोलियां चार पन्नों में पैक थीं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के पास से 300 रुपये नगद भी मिले।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 और 67 के तहत नोटिस देकर वैधानिक प्रक्रिया पूरी की। हालांकि आरोपी ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। बरामद नशीली दवाओं का वजन करीब 55 ग्राम पाया गया, जिसे मौके पर ही सीलबंद कर जब्त कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी प्रांजल यादव मोहन नगर थाना का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से ही दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में सक्रिय था और क्षेत्र में युवाओं को इसकी आपूर्ति कर रहा था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 22 और 27(क) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। साथ ही, मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button