कोरबा (ट्रैक सिटी)। उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल एनिकट में शनिवार को मछली पकड़ने गए एक दंपती के साथ हादसा हो गया। गहरे पानी में डूबने से धर्म धनुवार (40) की मौत हो गई। पति को डूबता देख पत्नी ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और पानी की अधिक गहराई के कारण वह सफल नहीं हो सकी। घटना के बाद पत्नी किसी तरह गांव पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
जानकारी के अनुसार कुदुरमाल ग्राम पंचायत के परसाभवना गांव निवासी धर्म धनुवार शनिवार सुबह अपनी पत्नी के साथ एनिकट में मछली पकड़ने गया था। दोनों मछली पकड़ रहे थे, इसी दौरान धर्म अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। पत्नी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण वह पति तक नहीं पहुंच सकी। देखते ही देखते धर्म गहरे पानी में समा गया।
शनिवार देर शाम तक चला रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण एनिकट पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। साथ ही नगर सेना की DDRF टीम को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू किया। पानी की गहराई और तेज बहाव के बावजूद टीम ने शनिवार देर शाम तक धर्म की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
रविवार सुबह मिला शव
रविवार सुबह DDRF की टीम ने दोबारा एनिकट में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद टीम ने धर्म धनुवार का शव पानी से बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था की मांग
हादसे के बाद ग्रामीणों ने कुदुरमाल एनिकट में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि एनिकट के गहरे और खतरनाक हिस्सों में चेतावनी बोर्ड लगाए जाने चाहिए। इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा संबंधी अन्य आवश्यक इंतजाम किए जाने से लोगों को खतरे वाले स्थानों की जानकारी पहले से मिल सकेगी और भविष्य में हादसों की आशंका कम की जा सकेगी।

