कोरबा

मंगलवार को आयोजित जनचौपाल में 94 लोगों ने दिये आवेदन

कलेक्टर श्री झा ने जनचौपाल में आये प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

कोरबा ।  कलेक्टोरेट सभा कक्ष में आयोजित जनचौपाल में कलेक्टर श्री झा ने लोगों की समस्याएं सुनी और उनके त्वरित निदान के लिए उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए। मंगलवार को आयोजित जन चौपाल में 94 लोगों ने कलेक्टर को अपनी समस्याओं-सुझावों से अवगत कराया। जनचौपाल में डीएफओ कोरबा श्रीमती प्रियंका पाण्डेय, डीएफओ कटघोरा श्रीमती प्रेमलता यादव, अपर कलेक्टर श्री विजेन्द्र पाटले, जिला पंचायत के सी.ई.ओ. श्री नूतन कंवर, नगर निगम आयुक्त श्री प्रभाकर पाण्डेय सहित सभी विभागीय अधिकारीगण मौजूद रहे।
जनचौपाल में गरूड़ नगर गेवरा प्रोजेक्ट निवासी सुश्री दुर्गा रानी नायक ने सीपेट में रोजगारमुखी पाठ्यक्रम में प्रवेश दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। दुर्गा रानी सीपेट में डीपीटी कोर्स में प्रवेश लेना चाहती है। उन्होने कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए सीपेट द्वारा निर्धारित शैक्षणिक शुल्क जमा करने में असमर्थता जताई। उन्होने उक्त कोर्स में प्रवेश दिलाने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने कलेक्टर के समक्ष निवेदन किया। कलेक्टर श्री झा ने आवेदिका की बातों को सुनकर लाईवलीहुड के सहायक परियोजना अधिकारी को दुर्गा रानी का एडमिशन सीपेट में करवाने के निर्देश दिये। जन चौपाल में सरगबुंदिया के कुछ दुकानदारो ने फोरलेन सड़क निर्माण में दुकानों के प्रभावित होने की शिकायत करते हुए दुकान की क्षतिपूर्ति राशि तथा गांव में दूसरे जगह पर दुकान निर्माण करने अनुमति प्रदान करने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किये। कलेक्टर श्री झा ने दुकानदारो की आवेदन पर संज्ञान लेते हुए अपर कलेक्टर को इस संबंध में उपयुक्त कार्यवाही करने के निर्देश दिये। इसी प्रकार ग्राम सेमीपाली निवासी श्रीमती फूलबाई ने भूमि मुआवजा राशि के बंटवारा में आ रही पारिवारिक समस्या को दूर मुआवजा राशि का तीन हिस्सों में बंटवारा करवाने आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होने बताया कि रेल परियोजना के तहत अधिग्रहित भूमि की मुआवजा राशि लगभग 27 लाख रूपये प्राप्त हुए है। फूलबाई के पति की मृत्यु हो चुकी है। वह मुआवजा राशि को स्वयं और अपने दोनो पुत्रो के बीच बराबर तीन हिस्सो में बांटना चहती है। आवेदन पत्र संज्ञान लेते हुए कलेक्टर श्री झा ने तहसीलदार को आवेदिका की मदद करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button