कोरबा

पट्टा मिलेगा बोलकर आयोजन स्थल पर लोगों को इकट्ठा किया गया- महापौर राजकिशोर प्रसाद


कार्यक्रम स्थल पर जब कुछ नहीं मिला तो धीरे-धीरे लोग खिसक लिए।


लोगों को कहते हुए सुना गया कि झूठ बोलकर उन्हें बुलाया गया था।


कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था को देखकर भी लोगों में नाराजगी देखी गई।

कोरबा, 22 फरवरी (ट्रैक सिटी न्यूज़) कोरबा नगर पालिक निगम के महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कोरबा इकाई द्वारा भीड़ इकट्ठा करने के लिए लोगों से झूठ बोलकर कि उन्हें पट्टा वितरण किया जायेगा आयोजन स्थल पर बुलाया गया था लेकिन जब लोगों ने देखा कि वहां का माहौल कुछ और ही है और पट्टा वितरण जैसी कोई बात नहीं दिख रही है तो धीरे-धीरे लोग वहां से खिसक गए। महापौर ने आगे कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से ही पट्टा देने की तैयारियां आरंभ कर दी गई थी और राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के निर्देशानुसार सभी वार्डों में सर्वे का कार्य आरंभ करवा दिया गया था जो वर्तमान समय में लगभग पूर्णता की ओर है। उन्होंने आगे बताया कि शीघ्र ही राजस्व मंत्री के हाथों पट्टा वितरण का कार्य आरंभ कर दिया जायेगा। पट्टा वितरण की तैयारियां एवं सर्वे का कार्य पूर्ण होने की जानकारी मिलने पर भाजपा के नेता बेवजह सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की नियत से ही हल्ला मचाने में जुट गए हैं।
सभापति श्यामसुंदर सोनी ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में पहली बार कांग्रेस का महाधिवेशन होने जा रहा है। महाधिवेशन की तैयारियों व उसकी सफलता को प्रभावित करने की मंशा से कांग्रेस विधायकों के निवास का घेराव करने का हथकण्डा भाजपा द्वारा अपनाया गया है। उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि  प्रदेश में आयोजित होने जा रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय महाधिवेशन को ऐतिहासिक सफलता मिलेगी और इसे प्रभावित करने के लिए भाजपा द्वारा अपनाए जा रहे किसी भी हथकण्डे को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सपना चौहान ने कहा कि प्रदेश में 15 वर्षों तक भाजपा की सरकार थी। इन 15 वर्षों में प्रदेश के हर वर्ग के लोगों को भाजपा सरकार द्वारा ठगा गया है। प्रदेश की सड़कों की हालत बेहद खराब थी जिसे प्रदेश सरकार प्राथमिकता के आधार पर बनवा रही है। किसान, व्यापारी, कर्मचारी, रोजी-मजदूरी करने वाले लोग परेशान थे। आज किसान, महिला समूह की महिलाएं, कर्मचारी, व्यापारी व रोजी-मजदूरी करने वाले लोग प्रदेश सरकार के जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेते हुए खुशहाल हैं। किसानों का कर्जा माफ व बिजली बिल हाफ से हर वर्ग लाभान्वित है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत केन्द्र सरकार के द्वारा जो पैसा राज्य सरकार को देना था उसे काफी लम्बे अरसे तक रोके रखा गया था।  वहीं केन्द्र की मोदी सरकार महंगाई पर लगाम लगाने में असफल रही है। रेलवे में वृद्धजनों का सब्सिडी बंद करा दिया गया। केन्द्रीय विद्यालय में सांसद व मंत्रियों का कोटा बंद करा दिया गया जिससे अनेकों होनहार छात्र केन्द्रीय विद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने से वंचित हो गए हैं।
छत्तीसगढ़ प्रदेश में भाजपा की छटपटाहट को देखते हुए कहा जा सकता है कि प्रदेश की जन हितैषी कांग्रेस सरकार की लोकप्रियता उन्हें रास नहीं आ रही है और यही वजह है कि अभी आयोजित होने जा रहे तीन दिवसीय राष्ट्रीय महाधिवेशन को प्रभावित करने के लिए इनकी ओर से हर हथकण्डे अपनाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेसजन उनके मंसूबों को किसी भी रूप में कामयाब नहीं होने देंगे।
उल्लेखनीय है कि कोरबा विधायक जयसिंह अग्रवाल के निवास घेराव की सूचना मिलते ही सुबह से ही हजारो की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल जी के निवास पर पहुंचने लगे। शाम होते-होते हजारों की संख्या में कांग्रेस जन जयसिंह अग्रवाल जी के निवास पर मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्रदर्शनकारी भाजपाइयों से ज्यादा संख्या में कांग्रेसी उपस्थित थे।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button