रायगढ़ (ट्रैक सिटी)। रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और उससे जुड़े आर्थिक अपराधों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बड़े संगठित सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सट्टे की काली कमाई को हवाला के जरिए व्हाइट करने वाले नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, चार मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 3 लाख 86 हजार 300 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर सेल, कोतवाली थाना और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस जांच में सामने आया कि ऑनलाइन आईपीएल सट्टे के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध लेनदेन किया जा रहा था, जिसे हवाला नेटवर्क के माध्यम से वैध बनाने का प्रयास किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, 26 अप्रैल को रायगढ़ शहर और घरघोड़ा क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। प्रारंभिक जांच में मोबाइल फोन, डिजिटल ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और नकदी बरामद हुई थी। पूछताछ में आरोपियों ने मुख्य संचालक करन चौधरी और जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार के नाम उजागर किए, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और वित्तीय विश्लेषण के जरिए पूरे नेटवर्क का खुलासा किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी करन चौधरी रायगढ़, सक्ती, रायपुर, बिलासपुर से लेकर दिल्ली तक फैले नेटवर्क के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा था। सट्टे से प्राप्त रकम को सीधे अपने पास रखने के बजाय वह विभिन्न व्यापारिक चैनलों के माध्यम से कैश डंप करता था और बाद में हवाला नेटवर्क के जरिए राशि ट्रांसफर की जाती थी।
पुलिस ने करन चौधरी से मिली जानकारी के आधार पर कृष्ण प्राइड टावर स्थित फ्लैट में छापेमारी की। यहां से आरोपी सुनील अग्रवाल के कब्जे से 50 लाख रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन और मोबाइल फोन बरामद किए गए। वहीं पुष्कर अग्रवाल के पास से 52 लाख 60 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। पुलिस को इलेक्ट्रॉनिक डेटा, चैट रिकॉर्ड, यूपीआई ट्रांजेक्शन और अन्य वित्तीय दस्तावेज भी मिले हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने बैंक खातों के बजाय कर्मचारियों, परिचितों और सहयोगियों के खातों व मोबाइल नंबरों का उपयोग कर रहे थे, ताकि जांच एजेंसियों से बचा जा सके।
करन चौधरी पर पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक आरोपी करन चौधरी के खिलाफ पूर्व में जुआ-सट्टा, मारपीट, रंगदारी, आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण, अपहरण समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। लगातार आपराधिक गतिविधियों और संगठित नेटवर्क के प्रमाण मिलने पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 (संगठित अपराध) भी जोड़ी गई है।
फरार आरोपी गुड्डा सरदार की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार इस सिंडिकेट की अहम कड़ी है। वह करन चौधरी के साथ मिलकर रायगढ़, सक्ती, खरसिया और रायपुर में ऑनलाइन सट्टा संचालन करता था। उसकी गिरफ्तारी के बाद और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल (29), निवासी श्याम नगर, रायगढ़
पुष्कर अग्रवाल (26), निवासी कृष्ण प्राइड टावर, रायगढ़
सुनील कुमार अग्रवाल (58), निवासी कृष्ण प्राइड टावर, रायगढ़
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में सट्टा, हवाला, ब्लैक मनी और संगठित अपराध से जुड़े किसी भी नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा। आर्थिक अपराधों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगी।
