कोरबा

भीषण गर्मी का कहर : हीट स्ट्रोक से सैकड़ों चमगादड़ों की मौत, नौकोनिया तालाब किनारे मिले मृत

कोरबा/पाली (ट्रैक सिटी)। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान का असर अब वन्य जीवों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। पाली वन परिक्षेत्र अंतर्गत नौकोनिया तालाब के किनारे सैकड़ों चमगादड़ मृत अवस्था में पाए गए। बड़ी संख्या में चमगादड़ों के शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
पाली वन परिक्षेत्र के रेंजर योगेश्वर बंजारे ने चिकित्सीय टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में चमगादड़ों की मौत का कारण अत्यधिक गर्मी और हीट स्ट्रोक बताया गया है। लगातार तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण चमगादड़ गर्मी सहन नहीं कर पाए, जिससे उनकी मौत हो गई।
वन विभाग द्वारा मृत चमगादड़ों को सुरक्षित तरीके से दफनाया गया ताकि किसी प्रकार का संक्रमण या दुर्गंध न फैले। विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि इस वर्ष गर्मी ने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। जंगलों और जल स्रोतों के आसपास रहने वाले पक्षी एवं वन्य जीव भी पानी और ठंडक की तलाश में भटकते नजर आ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन और लगातार बढ़ता तापमान वन्य जीवन के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है।
प्रशासन और वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में पक्षियों और वन्य जीवों के लिए पानी की व्यवस्था करें तथा किसी भी वन्य जीव के असामान्य स्थिति में दिखने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button