कोरबा

संतों के सम्मान में विहिप-बजरंग दल का प्रदर्शन, कांग्रेस नेताओं का प्रतीकात्मक पुतला दहन

कोरबा (ट्रैक सिटी)। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, कोरबा द्वारा सोमवार को टी.पी. नगर चौक में विरोध प्रदर्शन आयोजित कर कांग्रेस नेताओं चरण दास महंत एवं भूपेश बघेल के विरुद्ध प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं हिंदू समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि हिंदू संतों एवं धर्माचार्यों के प्रति किसी भी प्रकार की अपमानजनक टिप्पणी को हिंदू समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि संत समाज भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और नैतिक मूल्यों का आधार है तथा उनके सम्मान की रक्षा करना प्रत्येक हिंदू का दायित्व है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर “हिंदुत्व से टकराओगे, मिट्टी में मिल जाओगे” सहित विभिन्न नारे लगाए गए। वक्ताओं ने कहा कि हिंदू समाज की आस्था, संस्कृति और धार्मिक भावनाओं पर किसी भी प्रकार का आघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों का लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध किया जाएगा।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह प्रदर्शन हिंदू समाज की भावनाओं को अभिव्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि धर्म, संस्कृति और संतों के सम्मान की रक्षा के लिए भविष्य में भी संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं हिंदू समाज के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button