कोरबा (ट्रैक सिटी)। नगर पालिक निगम कोरबा के भूमिपूजन, लोकार्पण और शासकीय कार्यक्रमो में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रण नहीं देने से निगम सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई करने की मांग निगम आयुक्त से किया है। निगम क्षेत्र के पार्षदों को शासकीय कार्यक्रमो में आमंत्रित नहीं करने, वार्डों में विकास कार्यों की जानकारी नहीं देने की शिकायते वार्ड पार्षदों द्वारा किया जाता रहा है। कल विभिन्न चौक चौराहों के सौंदर्यकरण कार्यक्रम की सूचना क्षेत्रीय पार्षदो के साथ महापौर और सभापति को समय पूर्व नहीं दिया गया इससे नाराज होकर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और सभापति नूतनसिंह ठाकुर शनिवार को आयोजित लोकार्पण कार्यक्रमो में शामिल नहीं हुए। इस बात की खबर लगते ही पार्षदो ने भी निगम अधिकारियों द्वारा उनकी उपेक्षा करने और समस्याओं को अनसुना करने की शिकायत महापौर और सभापति से करने लगे। महापौर और सभापति दोनों ने निगम अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर आयुक्त से आपत्ति जताई। जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा और अपमान पर सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने आयुक्त से ठोस कार्रवाई नहीं होने पर सोमवार से अपनी कुर्सी हटाकर जमीन पर बैठकर काम करने की चेतावनी दिया है।
सभापति की चेतावनी के बाद निगम के गलियारों में हड़कंप मच गया है। जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा और अनसुना करने की शिकायत मिलती रही है अब पार्षदो के हक में आवाज उठाते हुए सभापति की चेतावनी से यह बात खुलकर सामने आ गई है। सभापति की चेतावनी के बाद दोषी अधिकारी कर क्या कारवाई होती है यह देखने वाली बात है।

