एमसीबी

भीषण गर्मी के बीच आगजनी को लेकर अलर्ट, जिला प्रशासन ने नागरिकों से बरतने को कहा विशेष सावधानी।

विद्युत उपकरणों, गैस सिलेंडर और ओवरलोडिंग से रहें सतर्क, आपात स्थिति में डायल करें 112

एमसीबी (ट्रैक सिटी)/ भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आगजनी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग ने नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। जिला सेनानी नगर सेना एवं जिला अग्निशमन अधिकारी, कोरिया द्वारा जारी जन-जागरूकता संदेश में आम नागरिकों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, कार्यालयों और संस्थानों से आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपाय अपनाने का आग्रह किया गया है।

अग्निशमन विभाग ने बताया है कि ग्रीष्म ऋतु के दौरान अत्यधिक तापमान तथा विद्युत उपकरणों के बढ़ते उपयोग के कारण आग लगने की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में घरों एवं प्रतिष्ठानों में विद्युत वायरिंग तथा बिजली उपकरणों की नियमित जांच कराना आवश्यक है। उपयोग में नहीं आने वाले विद्युत उपकरणों को बंद रखें तथा ओवरलोडिंग से बचें, क्योंकि छोटी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।

विभाग ने नागरिकों से रसोईघर में एलपीजी गैस का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। गैस रिसाव की स्थिति में तत्काल संबंधित एजेंसी को सूचना दें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें। वहीं व्यापारिक प्रतिष्ठानों, कार्यालयों एवं संस्थानों में अग्निशमन यंत्रों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और कर्मचारियों को उनके उपयोग का प्रशिक्षण देने की सलाह दी गई है।

जिला अग्निशमन अधिकारी ने कहा है कि भवनों के निकास मार्ग एवं सीढ़ियों को हमेशा अवरोधमुक्त रखा जाए ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित निकासी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सतर्कता और जागरूकता से बड़ी अग्नि दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

जिला प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपातकालीन स्थिति या आग लगने की घटना की जानकारी तत्काल अग्निशमन सेवा अथवा डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया जा सके। प्रशासन ने कहा है कि जनसहभागिता और सावधानी ही आगजनी जैसी दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button