कोरबा(ट्रैक सिटी)। बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत 15 जुलाई 2026, बुधवार को कोरबा में स्वर्ण बिंदु प्राशन संस्कार का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। आयोजन पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय, दुकान क्रमांक 10 एवं 11, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में होगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा की देखरेख में आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम के तहत जन्म से लेकर 18 वर्ष तक के बच्चों को स्वर्ण बिंदु प्राशन ड्रॉप्स पिलाई जाएगी। आयोजन के लिए बुध पुष्य नक्षत्र का विशेष शुभ मुहूर्त चुना गया है, जिसे आयुर्वेद में स्वास्थ्य संवर्धन के लिए अत्यंत लाभकारी माना जाता है।
आयोजकों के अनुसार “बच्चे रहें स्वस्थ” योजना के अंतर्गत प्रत्येक माह इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाना, शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना है।
कार्यक्रम में बच्चों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा। साथ ही अभिभावकों को बच्चों की आयु के अनुसार उचित आहार-विहार, दैनिक दिनचर्या और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियां दी जाएंगी। इसके अलावा बच्चों के बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए उपयोगी योग एवं प्राणायाम का निशुल्क प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि अधिक भीड़ और बच्चों को लंबी प्रतीक्षा से बचाने के लिए अभिभावकों से पहले से समय निर्धारित करने का आग्रह किया गया है। इसके लिए मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क कर अपना समय निर्धारित किया जा सकता है।
आयोजकों ने जिले के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को इस आयुर्वेदिक स्वास्थ्य कार्यक्रम का लाभ दिलाने के लिए निर्धारित तिथि पर अवश्य पहुंचें, ताकि बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सके।

