कोरबा (ट्रैक सिटी)। शहर के बुधवारी बाजार स्थित महाराणा प्रताप चौक के पास लगाए गए एक गुमटी को हटाने के लिए मंगलवार को नगर निगम की टीम पहुंची। कार्रवाई के दौरान गुमटी संचालित करने वाली महिला व्यवसायी ने निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुए दुकान खाली करने से इनकार कर दिया।
महिला का कहना था कि वह कई वर्षों से इसी स्थान पर गुमटी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही है।
यदि निगम द्वारा उनका उसे हटा दिया जाता है तो उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने उन्हें अब तक कोई वैकल्पिक स्थान उपलब्ध नहीं कराया है, जहां वे अपना व्यवसाय दोबारा शुरू कर सकें।
कार्रवाई के दौरान महिला ने निगम अधिकारियों से वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना ठेला नहीं हटाने की मांग की। मौके पर कुछ समय तक विरोध की स्थिति बनी रही और स्थानीय लोगों की भीड़ भी एकत्र हो गई।
इस बीच नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे भी मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आयुक्त अपनी गाड़ी में बैठे रहे, अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और उसके बाद वहां से रवाना हो गए।
महिला व्यवसायी ने निगम प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पहले वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने और उसके बाद ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, समाचार लिखे जाने तक नगर निगम की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

