कोरबा

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, कमरे में खून से लथपथ मिला शव, जांच में जुटी पुलिस।

कोरबा(ट्रैक सिटी)। मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित एसईसीएल की सुभाष ब्लॉक कॉलोनी में 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अपने घर के कमरे में गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ अवस्था में मिला। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान अंकित सोनवानी (29 वर्ष) के रूप में हुई है। वह एसईसीएल कर्मी हीरा लाल सोनवानी तथा एसईसीएल चिकित्सा विभाग में कार्यरत कुमुदनी सोनवानी का बड़ा पुत्र था। अंकित विवाहित था और उसका एक छोटा बच्चा भी है।

परिजनों के अनुसार, बुधवार को अंकित शराब के नशे में घर पहुंचा और सीधे अपने कमरे में चला गया। उस समय उसकी पत्नी भी कमरे में मौजूद थी। कुछ देर बाद अचानक उसके गिरने की आवाज आई। बताया जा रहा है कि गिरने के दौरान उसके पैर में कोई नुकीली वस्तु घुस गई, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर छोटा भाई आशीष सोनवानी सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल एसईसीएल के विभागीय अस्पताल ले गए।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतक के छोटे भाई आशीष सोनवानी ने बताया कि घटना के समय उनके माता-पिता दोनों ड्यूटी पर थे। पिता हीरा लाल सोनवानी कुसमुंडा परियोजना में पदस्थ हैं, जबकि मां कुमुदनी सोनवानी एसईसीएल के चिकित्सा विभाग में कार्यरत हैं। ड्यूटी से लौटने के बाद उन्हें घटना की जानकारी मिली।

घटना की सूचना पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर मर्ग कायम किया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button