रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के मोबाइल को फर्जी मैसेज के जरिए हैक कर बैंक खातों से 3.94 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले साइबर गिरोह के दो सदस्यों को रायपुर पुलिस ने झारखंड के बोकारो से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, एक चेक बुक तथा 2,000 रुपये नगद जब्त किए गए हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार कंचनगंगा फेस-02, डीडी नगर निवासी विष्णु दत्त बघेल, जो पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, ने थाना डीडी नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 नवंबर 2025 को उनके मोबाइल पर कई संदिग्ध संदेश आए। संदेश खोलने के कुछ ही समय बाद उन्हें यूको बैंक और एक्सिस बैंक खातों से लगातार ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने के मैसेज मिलने लगे। 8 से 10 नवंबर 2025 के बीच अलग-अलग किश्तों में उनके दोनों बैंक खातों से कुल 3 लाख 94 हजार रुपये अनधिकृत रूप से निकाल लिए गए।
शिकायत के आधार पर थाना डीडी नगर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 186/26 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच से बोकारो तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना डीडी नगर की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने पीड़ित से विस्तृत पूछताछ कर बैंकिंग ट्रांजेक्शन, मोबाइल डेटा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन तकनीकी विश्लेषण किया।
लगातार जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन झारखंड के बोकारो जिले में मिली। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल बोकारो रवाना हुई और स्थानीय स्तर पर सूचना एकत्रित करते हुए लगातार कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूला अपराध
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पीड़ित के मोबाइल पर फर्जी संदेश भेजे, जिससे मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद बैंक खातों से अनधिकृत ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर लाखों रुपये की साइबर ठगी को अंजाम दिया गया।
यह सामान हुआ जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त—
2 मोबाइल फोन
1 चेक बुक
2,000 रुपये नगद
बरामद किए हैं। जब्त मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का फॉरेंसिक एवं तकनीकी परीक्षण कराया जा रहा है, ताकि गिरोह के नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और देश के विभिन्न राज्यों में की गई संभावित साइबर ठगी के मामलों का खुलासा किया जा सके।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है। साथ ही उनके बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल उपकरणों और सोशल मीडिया आईडी का तकनीकी विश्लेषण कर पूरे साइबर गिरोह का नेटवर्क खंगाला जा रहा है। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के तार अन्य राज्यों में सक्रिय साइबर अपराधियों से भी जुड़े हो सकते हैं।
गिरफ्तार आरोपी
विशाल कुमार सिंह (26 वर्ष)
पिता – अरविंद कुमार सिंह
निवासी – ग्राम कटका, थाना बालीडीह, जिला बोकारो (झारखंड)
महेश प्रसाद सिंह (34 वर्ष)
पिता – बिगन सिंह
निवासी – ग्राम बांधडीह, थाना जरीडीह, जिला बोकारो (झारखंड)
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक, मैसेज या ऐप को बिना सत्यापन के न खोलें। यदि मोबाइल पर संदिग्ध संदेश प्राप्त हो या बैंक खाते से अनधिकृत लेनदेन की जानकारी मिले, तो तत्काल बैंक को सूचित करें और साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
Leave a Reply

