कोरबा

आवारा कुत्तों के हमले में 5 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत।

सिर, गर्दन और शरीर पर गंभीर जख्म, अस्पताल पहुंचने से पहले थम गई सांस; दादर क्षेत्र में दहशत, कार्रवाई की उठी मांग।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ मानिकपुर चौकी क्षेत्र के दादर इलाके में गुरुवार शाम आवारा कुत्तों के झुंड के हमले में एक 5 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर तत्काल नियंत्रण के लिए प्रशासन से विशेष अभियान चलाने की मांग की है।

मृतक की पहचान प्रकाश पटेल (5 वर्ष) के रूप में हुई है। वह किशोर पटेल का पुत्र था और पहली कक्षा का छात्र था। परिवार मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का निवासी है तथा वर्तमान में दादर क्षेत्र में मजदूरी कर जीवन-यापन कर रहा है।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4 बजे किशोर पटेल एक मकान में मजदूरी कर रहे थे। इसी दौरान प्रकाश उनसे मिलने पहुंचा। कुछ देर बाद वह अकेले घर लौटने लगा। रास्ते में 5 से 6 आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर अचानक हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे को जमीन पर गिराकर बुरी तरह नोच डाला।

बेटे की चीख-पुकार सुनकर पिता मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कुत्ते बच्चे को घसीटते हुए लगातार काट रहे थे। किसी तरह कुत्तों को भगाकर गंभीर रूप से घायल प्रकाश को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे के सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए।

घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची। अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि दादर और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे पहले भी राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों पर कुत्तों के हमले की कई घटनाएं हो चुकी हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में रोष है।

ग्रामीणों और परिजनों ने जिला प्रशासन एवं नगर निगम से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने तथा उनकी बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए तत्काल विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button