कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले के दादर में आयोजित भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान शनिवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब मेले के समीप बिजली के तार पर करीब 8 फीट लंबा विशाल अजगर बैठा दिखाई दिया। उस समय मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। बिजली के तार पर अजगर के होने से किसी भी अप्रिय घटना की आशंका के चलते लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोरबा वन मंडल की अधिकृत रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम का नेतृत्व सदस्य जितेंद्र सारथी ने किया। उनके साथ राजू बर्मन, राकेश मानिकपुरी, साहिल और बॉबी ने स्थिति को संभालते हुए सबसे पहले भीड़ को सुरक्षित दूरी पर हटाया। इसके बाद पूरी सावधानी, धैर्य और तकनीकी कौशल का परिचय देते हुए बिजली के तार पर बैठे विशाल अजगर का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया।
रेस्क्यू के दौरान टीम ने यह सुनिश्चित किया कि न तो किसी व्यक्ति को कोई नुकसान पहुंचे और न ही वन्यजीव को किसी प्रकार की चोट आए। सफल रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
वन विभाग ने बताया कि बारिश के मौसम में सांप, अजगर और अन्य वन्यजीव अपने प्राकृतिक आवासों में जलभराव होने के कारण आबादी वाले क्षेत्रों की ओर निकल आते हैं। ऐसे समय में लोगों को घबराने या वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने की बजाय तत्काल वन विभाग अथवा अधिकृत रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए, ताकि सुरक्षित तरीके से उनका रेस्क्यू किया जा सके।
वन विभाग और रेस्क्यू टीम ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वन्यजीव हमारे पर्यावरण और जैव विविधता का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। समय पर सूचना और जागरूकता से मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

