जांजगीर-चाँपा

जांजगीर-चांपा में हाईवे लूटकांड का 24 घंटे में खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार; चाकू, मोबाइल, नकदी और बाइक बरामद।

जांजगीर-चांपा(ट्रैक सिटी)। जांजगीर-चांपा जिले की सारागांव पुलिस ने हाईवे पर राहगीरों से लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और धारदार चाकू बरामद किया है। इस मामले में एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक की भी संलिप्तता सामने आई है, जिससे घटना में इस्तेमाल की गई एक्सट्रीम मोटरसाइकिल, चाकू और एक अन्य मोबाइल फोन जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अशोक लाठिया निवासी खोखरा अपने साथी के साथ 16 जुलाई को बढ़ई का काम करने सारागांव आया था। शाम को काम खत्म होने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग-49 स्थित अंजली फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर उन्होंने पेट्रोल भरवाया। इसी दौरान कुछ युवक उन्हें घूरते हुए वहां से निकल गए।

पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर आगे रात लगभग 7 से 8 बजे के बीच बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार युवकों ने दोनों को रोक लिया। आरोपियों ने चाकू जैसे धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और उनके पास रखे दो मोबाइल फोन तथा 5 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। लूटी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सारागांव में लूट का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने डेरागढ़ निवासी महेन्द्र कुमार धारिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूटा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी सूर्यकांत बरेठ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई रकम में से 2 हजार रुपये नकद बरामद किए। वहीं, मामले में शामिल एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक से घटना में प्रयुक्त एक्सट्रीम मोटरसाइकिल, चाकू और एक अन्य मोबाइल फोन जब्त किया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी सहित सारागांव थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर लूटकांड का खुलासा करने वाली टीम की सराहना की।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button