कोरबा

आधी रात पत्नी की बेरहमी से हत्या, शराब के नशे में पति ने डंडे से किया हमला, आरोपी पति गिरफ्तार।

कोरबा(ट्रैक सिटी)/ जिले के उरगा थाना क्षेत्र के भैंसामुड़ा गांव में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत एक पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना देर रात करीब 3 बजे की है। भैंसामुड़ा गांव निवासी परदेशी धनुहार ने अपनी 40 वर्षीय पत्नी अघन बाई के साथ किसी बात को लेकर विवाद किया। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब के नशे में था और विवाद बढ़ने पर उसने घर में रखे लकड़ी के डंडे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

आरोपी ने अघन बाई के सिर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हमले के दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर घर के सदस्य और आसपास के लोग जाग गए, लेकिन आरोपी के आक्रामक रवैये के कारण कोई भी महिला को बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। कुछ देर बाद महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही उरगा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

उरगा थाना के सब इंस्पेक्टर अमर जायसवाल ने बताया कि आरोपी परदेशी धनुहार को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में हुए घरेलू विवाद के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। इस घटना के बाद भैंसामुड़ा गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button