रायपुर

जन्मदिन बना सेवा का उत्सव: शासकीय कर्मचारियों ने बच्चों संग बाँटी खुशियाँ, केक काटकर वितरित किया पौष्टिक आहार

रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की प्रेरणा और मंशानुसार जिले में शासकीय कर्मचारियों के जन्मदिन अब केवल निजी उत्सव तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि समाज सेवा और जनभागीदारी का प्रेरक माध्यम बनते जा रहे हैं। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना एवं न्योता भोज के अंतर्गत संचालित “प्रोजेक्ट आओ बाँटें खुशियाँ” के जरिए कर्मचारी अपने जन्मदिन को बच्चों के साथ मनाकर उन्हें पौष्टिक आहार उपलब्ध करा रहे हैं।
इसी कड़ी में शासकीय प्राथमिक शाला कटोरातालाब के शिक्षक रघु राम साहू, आंगनवाड़ी केंद्र गोपियापारा (पुरानी बस्ती) में पदस्थ नर्सिंग ऑफिसर सुश्री वनिता कन्नौजे तथा आंगनबाड़ी केंद्र कुंद्रा पारा, गुढ़ियारी की टीबीएचवी श्रीमती नंदा दूधी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर बच्चों के बीच पहुँचकर उनके साथ केक काटा और फल व पौष्टिक आहार वितरित किया।
इस अवसर पर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। जन्मदिन मनाने का यह अनूठा तरीका बच्चों के लिए यादगार बन गया। कर्मचारियों ने कहा कि समाज के नौनिहालों के साथ खुशियाँ साझा करने से जन्मदिन का महत्व और भी बढ़ जाता है तथा इससे सेवा और संवेदनशीलता का संदेश समाज तक पहुँचता है।
जिला प्रशासन ने बताया कि “प्रोजेक्ट आओ बाँटें खुशियाँ” का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना, बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना तथा शासकीय कर्मचारियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है। जिले में बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी इस पहल से जुड़कर अपने जन्मदिन पर बच्चों के साथ समय बिताने, पौष्टिक भोजन, फल और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित करने का कार्य कर रहे हैं।
यह अभिनव पहल न केवल बच्चों के चेहरों पर मुस्कान ला रही है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को भी सशक्त बना रही है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button