कोरबा

बांगो बांध अलर्ट जलस्तर बढ़ा, गेट खोलने की तैयारी:हसदेव नदी किनारे क्षेत्र में अलर्ट, बाढ़ प्रभावित गांवों में मुनादी कराने के आदेश

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोरबा में लगातार हो रही बारिश के बीच मिनीमाता बांगो बांध प्रशासन ने वर्षाकाल 2026 को लेकर अलर्ट जारी किया है। जल संसाधन विभाग ने बताया कि बांगो जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वर्तमान में जलभराव 354.61 मीटर यानी 71.67% तक पहुंच चुका है। जलस्तर 359.66 मीटर होने पर बांध के गेट खोलकर हसदेव नदी में पानी छोड़ा जा सकता है। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने बताया कि हसदेव नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले लोगों, खनिज खदानों, औद्योगिक इकाइयों, ठेकेदारों और अन्य संस्थानों को अपनी चल-अचल संपत्तियां सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अचानक आई बाढ़ से होने वाली क्षति के लिए विभाग जिम्मेदार नहीं होगा।

संभावित बाढ़ को देखते हुए बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, जूनापारा, तिलाईडांड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला सहित अन्य गांवों में चेतावनी की मुनादी कराने के निर्देश दिए गए हैं।

विभाग के अनुसार फिलहाल जलाशय से विद्युत संयंत्रों को पानी की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर गेट खोलने का निर्णय लिया जाएगा। जिले में 409.7 मिमी औसत बारिश 1 जून से 21 जुलाई तक कोरबा जिले में 409.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। सबसे अधिक 539.5 मिमी वर्षा दर्री और सबसे कम 267.1 मिमी करतला में रिकॉर्ड की गई। दीपका में 452 मिमी, पाली में 480.2 मिमी, पसान में 467.3 मिमी तथा कटघोरा और पोड़ी उपरोड़ा में 439 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button