कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले के पाली थाना अंतर्गत चेतमा चौकी क्षेत्र में चरित्र शंका के चलते हुई सनसनीखेज हत्या और जानलेवा हमले के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी बुड़ी सास की हत्या कर दी, जबकि मामा ससुर और मामी सास पर भी जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 25-26 जुलाई 2026 की मध्य रात्रि डायल-112 को सूचना मिली कि ग्राम ईरफ के हरदीडीह में चेतराम धनवार एवं उनकी पत्नी प्रमिला धनवार पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने सिर और चेहरे पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस को जानकारी मिली कि इसी घटना में 62 वर्षीय समारिन बाई धनुहार की भी सिर पर गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या कर दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश ठाकुर एवं एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में डॉग स्क्वॉड, फॉरेंसिक टीम और थाना पाली व चौकी चेतमा की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
चरित्र शंका बनी हत्या की वजह
विवेचना के दौरान सामने आया कि मृतिका समारिन बाई की ननद मनधनिया बाई ने ग्राम लीमपानी निवासी हीरालाल धनवार से दूसरा विवाह किया था। आरोपी हीरालाल अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। इस मामले को लेकर सामाजिक बैठकों में कई बार समझाइश भी दी गई थी।
घटना से एक-दो दिन पहले मारपीट के बाद मनधनिया बाई लीमपानी छोड़कर अपने मायके हरदीडीह चली गई थी। आरोपी 26 जुलाई को लगभग सुबह 10 बजे हरदीडीह पहुंचा, जहां उसकी समारिन बाई और चेतराम धनवार से कहासुनी हुई। इसके बाद वह वापस लौट गया, लेकिन रात में जंगल के रास्ते दोबारा पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया।
सोते समय किया हमला
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने झोपड़ी में सो रही समारिन बाई के सिर पर मोटे डंडे से तीन-चार वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद करीब 120 मीटर दूर दूसरी झोपड़ी में सो रहे चेतराम धनवार और प्रमिला धनवार पर भी सिर और चेहरे पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों को मृत समझकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
24 घंटे में गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर आरोपी हीरालाल धनवार (50 वर्ष), पिता प्यारे लाल धनवार, निवासी ग्राम लीमपानी, चौकी चेतमा, थाना पाली, जिला कोरबा को 27 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 287/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 109 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

