रायपुर

रसोइए ने साथी के साथ मिलकर मालिक के घर से उड़ाए ₹70 लाख के जेवर और नकदी, नागपुर स्टेशन से दोनों आरोपी गिरफ्तार

रायपुर/(कोरबा ट्रैक सिटी)। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में एक घरेलू रसोइए द्वारा अपने साथी के साथ मिलकर करीब 70 लाख रुपये की चोरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से चोरी की पूरी मशरूका, जिसकी कीमत लगभग ₹70 लाख है, बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार अशोका आईकन, मोवा निवासी पंकज अग्रवाल ने थाना पंडरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 26 जुलाई 2026 को वह अपने परिवार के साथ निजी कार्य से नया रायपुर गए थे। घर पर केवल उनका रसोइया महेन्द्र कुमार यादव मौजूद था, जिसे 14 जुलाई 2026 से काम पर रखा गया था और वह पहले भी उनके यहां कार्य कर चुका था।


शाम करीब 7 बजे परिवार के साथ लौटने पर मुख्य द्वार बंद और घर की लाइट बंद मिली। पीछे का गेट खुला होने पर अंदर जाकर देखा तो बेडरूम और अलमारी के दरवाजे खुले थे। जांच करने पर अलमारी में रखी लाखों रुपये की नगदी, लॉकर में रखे सोने के जेवरात, गिन्नी, सिक्के, चांदी का सिक्का, पेन ड्राइव तथा कार्यालय से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब मिले। संदेह के आधार पर प्रार्थी ने अपने रसोइए महेन्द्र यादव और उसके साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिस पर थाना पंडरी में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में महेन्द्र यादव एक बैग लेकर घर से निकलता दिखाई दिया, जिसके साथ एक अन्य संदिग्ध युवक भी था। इसके बाद पुलिस ने शहरभर के सीसीटीवी कैमरों की श्रृंखलाबद्ध जांच की, जिससे पता चला कि दोनों आरोपी रेलवे स्टेशन पहुंचे और समता एक्सप्रेस से नागपुर की ओर फरार हो गए।
पुलिस ने तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) से संपर्क कर आरोपियों की फोटो और हुलिया साझा किया। आरपीएफ नागपुर के सहयोग से दोनों आरोपियों को नागपुर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में महेन्द्र यादव ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव के साथ मिलकर पहले से योजना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार के घर से बाहर जाने का फायदा उठाकर दोनों ने नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी किया। वारदात के बाद दोनों मोटरसाइकिल से घड़ी चौक पहुंचे, वहां वाहन खड़ा कर किराये के वाहन से रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और समता एक्सप्रेस से नागपुर भाग गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से ₹51.50 लाख नकद, सोने के जेवरात, गिन्नी, सिक्के, चांदी का सिक्का, पेन ड्राइव, महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बरामद संपत्ति का कुल मूल्य लगभग ₹70 लाख बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
महेन्द्र यादव (22 वर्ष), निवासी जिला बांका (बिहार), वर्तमान में अशोका आईकन, मोवा, रायपुर में प्रार्थी के यहां रसोइया।
पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव (25 वर्ष), निवासी जिला बांका (बिहार), वर्तमान पता आमासिवनी, थाना विधानसभा, रायपुर।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button