जांजगीर-चांपा (ट्रैक सिटी)। जांजगीर-चांपा पुलिस ने जिले के तीन प्रमुख मंदिरों में हुई लाखों रुपये की चोरी का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों और एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया 16 लाख 60 हजार रुपये मूल्य का शत-प्रतिशत माल, घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक कटर तथा मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार 1 और 2 अगस्त की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने जिले के तीन मंदिरों को निशाना बनाया था। पहली घटना बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के रामजानकी मंदिर में हुई, जहां से दो चांदी के छत्र चोरी कर लिए गए। दूसरी वारदात नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम महत स्थित चंडी दाई मंदिर में हुई, जहां देवी प्रतिमाओं के नौ चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण और दान पेटी चोरी कर ली गई। तीसरी चोरी ग्राम जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर में हुई, जहां से एक चांदी का छत्र पार कर दिया गया। तीनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय स्वयं घटनास्थलों पर पहुंचे और साइबर थाना, नवागढ़ तथा बम्हनीडीह पुलिस को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के निर्देश दिए।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने घटनास्थलों से लेकर संभावित भागने के रास्तों तक करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान बम्हनीडीह से नवागढ़ की ओर घटना के समय एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर चार युवक जाते हुए दिखाई दिए। साइबर तकनीक और मैनुअल इनपुट के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर पुलिस ने उन्हें दबिश देकर हिरासत में लिया।
एसडीओपी लोकेश बंसल और सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में पूछताछ के दौरान आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि चोरी का पूरा सामान प्रशांत पटेल के घर के पीछे एक गड्ढे में छिपाकर रखा गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए चांदी के छत्र, मुकुट, सोने के आभूषण, दान पेटी से चोरी की गई नकदी, ताला काटने में इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक कटर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी भारी कर्ज में डूबे हुए थे। आर्थिक तंगी और लाखों रुपये के कर्ज से परेशान होकर उन्होंने घटना से एक दिन पहले तीनों मंदिरों में चोरी की योजना बनाई थी। पहले मंदिरों की रेकी की गई और फिर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में घुटिया निवासी 23 वर्षीय प्रशांत पटेल, 18 वर्षीय प्रभात पटेल और 25 वर्षीय परमानंद पटेल शामिल हैं। इनके साथ एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।जांजगीर-चांपा पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में साइबर थाना, नवागढ़ थाना और बम्हनीडीह थाना की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते महज 48 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा करते हुए चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया। इससे जिले में लगातार हो रही मंदिर चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में बड़ी सफलता मिली है।
