कोरबा (ट्रैक सिटी)। सिपेट परिसर में आयोजित जिला स्तरीय स्काउट्स एवं गाइड्स शिविर के दौरान 1008 दीपों के सामूहिक प्रज्वलन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नूतन सिंह ठाकुर, सभापति नगर पालिक निगम कोरबा ने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स का मूल उद्देश्य केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों और युवाओं में सेवा, अनुशासन, सहयोग और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स और कब-बुलबुल द्वारा एक साथ 1008 दीप प्रज्वलित करना सामूहिक एकता और सेवा भावना का संदेश देता है। उन्होंने प्रतिभागियों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि आज के युवा ही आने वाले समय में समाज और देश का नेतृत्व करेंगे।
मुख्य अतिथि ने कहा कि स्काउटिंग-गाइडिंग के माध्यम से बच्चों को कठिन परिस्थितियों में धैर्य रखने, दूसरों की सहायता करने और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर बच्चों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं।

उन्होंने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को सेवा और सकारात्मक सोच से जोड़ते हुए कहा कि दीपक प्रकाश का प्रतीक है और समाज में सकारात्मकता फैलाने का संदेश देता है। कार्यक्रम में प्रतिभागियों द्वारा अंग्रेजी में ‘NAMO’ की आकृति बनाए जाने का भी उल्लेख करते हुए उन्होंने सामूहिक प्रयास और अनुशासन की सराहना की।
उन्होंने सभी स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स, कब-बुलबुल, प्रशिक्षकों और आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों को जिला स्तरीय शिविर के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

