कोरबा

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी विद्यालयों में होंगी चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं

18 सितंबर को चित्रकला प्रतियोगिता, 19 सितंबर को चित्र प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता का होगा आयोजन

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय, रायपुर के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कोरबा द्वारा जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों सहित केंद्रीय विद्यालय, संयुक्त एकलव्य विद्यालय एवं प्रयास विद्यालयों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों में रचनात्मक अभिव्यक्ति, सामाजिक सरोकार एवं सेवा भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान के तहत 18 सितंबर 2026 को विद्यालय स्तर पर चित्रकला प्रतियोगिता तथा 19 सितंबर 2026 को चित्र प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रत्येक विद्यार्थी के लिए प्रतियोगिता की अवधि 2 घंटे 30 मिनट निर्धारित की गई है। दो पाली में संचालित विद्यालयों में प्रथम पाली के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिता प्रातः 9 बजे से तथा द्वितीय पाली के विद्यार्थियों के लिए दोपहर 1 बजे से आयोजित की जाएगी।

चित्रकला प्रतियोगिता के लिए प्राथमिक शाला के विद्यार्थियों हेतु ए-3 आकार तथा माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों हेतु ए-2 आकार की शीट निर्धारित की गई है। विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार पेंसिल, जलरंग अथवा स्केच पेन का उपयोग कर सकेंगे। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रयुक्त प्रत्येक शीट पर विद्यार्थी का नाम, विद्यालय, विकासखंड एवं जिले का नाम स्पष्ट रूप से अंकित करना अनिवार्य होगा।

19 सितंबर को चित्र प्रदर्शनी में सामुदायिक सहभागिता

19 सितंबर को विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ पंचायत, जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों तथा क्षेत्रीय विधायकों को आमंत्रित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ ही विद्यालयीन गतिविधियों में समुदाय की सहभागिता बढ़ाना है।

विकासखंड स्तर पर यहां होंगे आयोजन

विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं के पश्चात विकासखंड स्तर पर प्रतियोगिताएं प्रातः 11 बजे से निर्धारित केंद्रों में आयोजित की जाएंगी। करतला विकासखंड में सेजस करतला, कोरबा विकासखंड में सेजस पंप हाउस कोरबा, कटघोरा विकासखंड में सेजस कटघोरा, पाली विकासखंड में सेजस अंग्रेजी पाली तथा पोड़ीउपरोड़ा विकासखंड में सेजस पोड़ीउपरोड़ा को आयोजन केंद्र बनाया गया है।

विकासखंड स्तर के आयोजन के लिए करतला में दुबराज सिंह राठिया प्रभारी एवं जोहन चौहान नोडल अधिकारी, कोरबा में प्रभा सिंह प्रभारी एवं अनिल रात्रे नोडल अधिकारी, कटघोरा में एम.एस. कंवर प्रभारी एवं प्रहलाद साहू नोडल अधिकारी, पाली में आर. लहरे प्रभारी एवं रामगोपाल जायसवाल नोडल अधिकारी तथा पोड़ीउपरोड़ा में रविन्द्र सिंह प्रभारी एवं सुनील खैरवार नोडल अधिकारी बनाए गए हैं।

20 सितंबर तक प्रस्तुत करना होगा प्रतिवेदन

आयोजन के उपरांत समस्त संकुल शैक्षिक समन्वयकों द्वारा प्रतियोगिता में सम्मिलित एवं विजयी छात्र-छात्राओं की जानकारी निर्धारित ए-4 आकार के कागज में हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही आयोजन से संबंधित 20 से 25 सेकंड के वीडियो/रील का संकुलवार पीडीएफ भी तैयार कर 20 सितंबर 2026 तक संबंधित खंड स्रोत समन्वयक को उपलब्ध कराना होगा।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जिले के सभी विद्यालयों से अभियान के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों का सुचारू एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button