कोरबा

झरने में नहाने निकले ग्रामीण का मिला शव, डूबने की आशंका।

कोरबा(ट्रैक सिटी)। जिले के लेमरू थाना क्षेत्र के चराईझुन गांव में झरने के पास एक ग्रामीण का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अंबिकापुर जिले के दरिमा गांव निवासी रमेश अघरिया (45) के रूप में हुई है। रमेश कुछ दिन पहले चराईझुन गांव स्थित अपनी बुआ के घर आया था और वहीं रह रहा था। गुरुवार शाम वह झरने में नहाने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन काफी देर बाद भी वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह एक बार फिर रमेश की तलाश में झरने की ओर गए। इस दौरान वहां रमेश के कपड़े दिखाई दिए। कपड़े मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाके में खोजबीन तेज कर दी। तलाश के दौरान चराईझुन गांव से करीब 200 मीटर दूर झरने के पास रमेश का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना लेमरू थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर लेमरू थाना प्रभारी लोकनाथ यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पंचनामा कार्रवाई की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि झरने में नहाने के दौरान पानी में डूबने से रमेश की मौत हुई होगी। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

लेमरू थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और घटनास्थल के आसपास मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही रमेश की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button