कोरबा

महिला कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, पीजी कॉलेज कोरबा बना विजेता

 

कोरबा (ट्रैक सिटी)। शासकीय ई.वी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोरबा के तत्वावधान में आयोजित परिक्षेत्र स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री चंद्रलोक सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेलों को युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल.एन. कंवर, प्रतियोगिता पर्यवेक्षक सुमित कुमार सिंह, जनभागीदारी समिति के सदस्य युवराज चंद्रा, रश्मि श्रीवास एवं विवेक राजवाड़े सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में कुल आठ महाविद्यालयों की महिला कबड्डी टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों ने पूरे प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और संघर्ष क्षमता का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल मुकाबला शासकीय ई.वी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोरबा एवं शासकीय एमडीपी महाविद्यालय कटघोरा के बीच खेला गया। इसमें पीजी कॉलेज कोरबा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 47-16 के अंतर से विजय प्राप्त कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में व्यक्तिगत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार रोशनी पटेल, बेस्ट रेडर का पुरस्कार जागृति यादव तथा बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार शशि रानी को प्रदान किया गया।

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका श्रीमती सावित्री जायसवाल, रामप्रकाश पटेल, कुमारी नीलू चंद्रा एवं रामदास मानिकपुरी ने निभाई।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में क्रीड़ा अधिकारी रविंद्र ध्रुव, अनिमा तिर्की, राजकुमारी मरकाम, साहनी चौहान, विनय यादव, सुमित कुमार सिंह, मसूद अहसन, अनुराग देवांगन, अभीतोष सिंह, गोकुल देवांगन, नजीर एवं संतोष का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस अवसर पर जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष चंद्रलोक सिंह ने खिलाड़ियों एवं आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाविद्यालयों में खेल गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिल सकें।

 

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button