कोरबा (ट्रैक सिटी)। लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम अरेतरा में 18 सितंबर की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ही स्थान पर पेड़ से युवक और युवती के शव फंदे पर लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही लेमरू पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान मुकेश यादव और पुनीता मझवार, दोनों निवासी ग्राम अरेतरा के रूप में हुई है। एक ही पेड़ पर दोनों के शव मिलने की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस की ओर से कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
प्रेम संबंध की चर्चा, पुष्टि नहीं
घटना के बाद गांव में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की चर्चा भी सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। दोनों ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है, इसका पता पुलिस की जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है, जबकि अरेतरा गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

