कोरबा (ट्रैक सिटी)। आगामी गणेश पूजा एवं विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने को लेकर कोरबा पुलिस ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। 18 सितंबर को कोरबा अनुविभाग क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान हथियार दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने वाले आरोपी, अवैध शराब कारोबारी, वारंटी तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
कतता दिखाकर डराने-धमकाने पर आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली थाना क्षेत्र के सरमंगला इलाके में कतता दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना पर पुलिस ने हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर के खिलाफ कार्रवाई की। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
40 लीटर महुआ शराब जब्त
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत जीतू साहू निवासी वायनली डुग्गू के कब्जे से 40 लीटर महुआ शराब बरामद कर जब्त की। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
वारंटियों और अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 7 गिरफ्तारी वारंट तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 6 स्थायी वारंट में कार्रवाई की गई। इसके अलावा अन्य प्रकरणों में 10 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। शराब के नशे में वाहन चलाने के मामलों में 2 लोगों पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई हुई।
वहीं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए 10 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
विसर्जन तक निगरानी और पेट्रोलिंग जारी
गणेश उत्सव एवं आगामी विसर्जन को देखते हुए पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और निगरानी की जा रही है। पूर्व आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने गणेश उत्सव समितियों और नागरिकों से अपील की है कि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएं। हथियारों का प्रदर्शन, अवैध शराब का परिवहन-विक्रय अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियां पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply

